संघमित्रा मौर्य का दावा: मैनपुरी में भी खिलेगा ‘कमल’?

Sanghmitra_Maurya

भाजपा नेतृत्व के लोकसभा चुनाव में मैनपुरी सीट से चुनाव मैदान में उतारने की चर्चा पर सांसद संघमित्रा मौर्य का कहना है कि अगर पार्टी ने उन्हें मैनपुरी भेजा तो वहां भी कमल खिलेगा। वह सोमवार को यहां पार्टी कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के आगमन के दौरान पत्रकारों से बात कर रही थीं। बदायूं से चले जाने के सवाल पर बोलीं- यह कहना गलत है। वह हर वक्त बदायूं में उपलब्ध हैं। बदायूं की जनता उनका परिवार है और रहेगी। भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य के दो अप्रैल को बदायूं क्लब में मुख्यमंत्री के लिए सजे प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन के मंच पर आंसू छलक गए थे। तब सियासी हलकों में यह कहा गया कि टिकट कटने का दर्द है, जो आंसू बनकर छलका है।

हालांकि बदायूं में पार्टी प्रत्याशी दुर्विजय सिंह शाक्य के चुनाव-प्रचार में उनकी लगातार सक्रियता देखी जा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी पार्टी कार्यालय पर पहुंचे तब भी सांसद मौजूद रहीं। प्रदेश अध्यक्ष से बातचीत के बाद संघमित्रा मौर्य ने मीडिया के सवालों का जवाब दिया। कहा, अगर शीर्ष नेतृत्व मैनपुरी भेजता है, तो वहां भी कमल खिलेगा। पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि आप कई दिनों से चुनाव प्रचार में नहीं दिख रहीं। क्या बदायूं छोड़कर चली गईं।
इस पर सांसद ने कहा कि यह कहना गलत है। बदायूं मेरा परिवार है और रहेगा। बेटी बनकर बदायूं के लोगों की सेवा की है। इस धर्म को आजीवन निभाती रहूंगी। संघमित्रा ने कहा कि राजनीति में उनके जैसे स्पष्ट नेता विरले ही हैं। वह जो कहती हैं, वह करती हैं। उससे कभी पलटती नहीं हैं।
पिता स्वामी प्रसाद मौर्य के बेटी कहने में शर्म आने संबंधी बयान पर कहा कि उस वक्त उन्होंने क्या सोच कर बयान दिया होगा, इस पर वह कोई टिप्पणी नहीं करेंगी। राजनीति अपनी जगह है और परिवार अपनी जगह। वह दोनों को साथ लेकर चल रही हैं। रिश्तों को कोई खत्म नहीं कर सकता। पत्रकार बात करते समय के दौरान एमएलसी कुंवर महाराज सिंह भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *