मैनपुरी लोकसभा सीट पर क्या चल रही है भाजपा की रहस्यमयी रणनीति?

लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी यूपी की सभी सीटों पर जीत का दावा कर रही है। तो वहीं सपा के खिलाफ आक्रामक रणनीति का प्रयोग भी कर रही है। शनिवार को पर्यटन और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह को भाजपा हाईकमान ने अचानक दिल्ली बुलाया था। माना जा रहा है कि मैनपुरी लोकसभा सीट पर डिंपल के खिलाफ भाजपा उन्हें चुनावी रण में उतार सकती है। मैनपुरी लोकसभा सीट के लिए पर्यटन मंत्री का नाम पहले से टिकट के दावेदारों में आगे चल रहा है। माना जा रहा है कि पार्टी बुधवार तक मैनपुरी और फिरोजाबाद, दोनों सीटों के प्रत्याशी घोषित कर सकती है। फिरोजाबाद में पिछड़ा वर्ग पर दांव खेला जाएगा।

मैनपुरी लोकसभा सीट को सपा का गढ़ माना जाता है। बीते 10 चुनावों से सपा सबको पराजित कर रही है। इसी तरह फिरोजाबाद में भी सपा मजबूत मानी जाती है। समाजवादी पार्टी ने मैनपुरी में पार्टी मुखिया अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को प्रत्याशी बनाया है, जबकि फिरोजाबाद में अक्षय यादव प्रत्याशी हैं। डिंपल यादव ने मुलायम सिंह के निधन के बाद 2022 में हुए उपचुनाव में जीत हासिल की थी, जबकि अक्षय यादव 2019 में फिरोजाबाद सीट पर हार गए थे। भाजपा इस बार फिरोजाबाद सीट पर कब्जा बरकरार रखने के साथ मैनपुरी के सपाई गढ़ को ढहाने के दावें में जुटी है। हालांकि अब तक प्रत्याशियों के नाम घोषित नहीं हुए हैं। बीते दो माह से नामों पर मंथन चल रहा है। मैनपुरी सीट के लिए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, सैफई परिवार के दामाद अनुजेश प्रतात, पूर्व प्रत्याशी प्रेम सिंह शाक्य आदि के नाम चर्चाओं में चल रहे हैं।

बीते तीन चुनावों से भाजपा शाक्य प्रत्याशी उतार रही है, परंतु जीत तक नहीं पहुंच पाई। इससे पहले 2014 में भाजपा ने क्षत्रिय चेहरे पर दांव खेला था। अब माना जा रहा है कि पार्टी बार फिर क्षत्रिय को ही मैदान में उतारने जा रही है। शनिवार शाम को पार्टी नेतृत्व ने जयवीर सिंह को दिल्ली बुलाया था। बताया जा रहा है कि उनको चुनावी तैयारी के संकेत दे दिए गए हैं। वहीं फिरोजाबाद में बीते चुनाव में क्षत्रिय प्रत्याशी के तौर पर चंद्रसेन जादौन को लड़ाया गया था। इस बार फिरोजाबाद में क्षत्रिय चेहरों के साथ यादव समाज से भी टिकट को मजबूत दावेदारी हो रही है। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के पुत्र अतुल प्रताप सिंह, हरिओम यादव सहित कई चेहरे दौड़ में हैं। बताया जा रहा है कि मैनपुरी में क्षत्रिय प्रत्याशी लड़ाने की सूरत में फिरोजाबाद से पिछड़े को मौका दिया जाएगा। इसमें यादव समाज को तरजीह देने की संभावना प्रबल मानी जा रही है। हालांकि अब प्रत्याशियों के इंतजार की घड़ियां खत्म होने वाली हैं।

संगठन को भी चुनावी तैयारी और कमजोर बूथों की सूची तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं। संभावना है कि 10 अप्रैल तक प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए जाएंगे। मैनपुरी और फिरोजाबाद सीट पर बसपा अपने पत्ते खोल चुकी है। बसपा ने मैनपुरी के लिए गुलशन देव शाक्य और फिरोजाबाद से सतेंद्र जैन सौली को प्रत्याशी घोषित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *